टीकमगढ़ जिले की कृषि उपज मंडी में खाद वितरण के दौरान बुधवार को हंगामा हो गया। खाद के लिए लाइन में खड़ी लड़कियों के साथ एक महिला पुलिसकर्मी ने कथित रूप से मारपीट की, जिसके बाद किसानों में आक्रोश फैल गया। विवाद की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल और एसडीएम संजय दुबे मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। पिछले 15 दिनों से खाद की कमी के चलते जिले में वितरण केंद्रों पर आए दिन विवाद हो रहे हैं।
घटना के संबंध में नेहा लोधी नामक लड़की ने आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मी चंद्रमुखी ने पहले उससे खाद दिलाने के नाम पर 500 रुपये लिए थे, लेकिन पैसे वापस मांगने पर उसे मारपीट का सामना करना पड़ा। नेहा ने बताया कि वह टीकमगढ़ जिले के डूडा गांव से है और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की भतीजी है। मारपीट के दौरान उसके सिर और पीठ में चोट आई है, जिसके बाद उसने इस मामले की लिखित शिकायत एसडीएम से की है।
एसडीएम संजय दुबे ने बताया कि विवाद की जानकारी मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और महिला आरक्षक एवं नेहा के बीच समझौता करा दिया गया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षक तेज आवाज में बात कर रही थी, जिससे विवाद बढ़ गया। हालांकि, वायरल हो रहे वीडियो में महिला पुलिसकर्मी को अपना बैच नंबर छिपाते हुए देखा जा सकता है और किसान आरोप लगा रहे हैं कि उसने पैसे लिए थे। इस घटना के बाद मंडी में किसानों और स्थानीय लोगों में असंतोष बना हुआ है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि खाद वितरण की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।