फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Khargone News: प्रेम प्रसंग से आहत नाबालिग 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ी, तीन घंटे की कोशिशों के बाद उतारा

Fri, 01 May 2026 04:39 PM IST
खरगोन ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खरगोन

बड़वाह थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटघड़ा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब 15 वर्षीय नाबालिग लड़की करीब 150 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। करीब तीन घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन और परिजनों की समझाइश से लड़की को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नाबालिग लड़की गांव के ही एक युवक से प्रेम करती थी। हाल ही में युवक की सगाई किसी अन्य स्थान पर तय हो गई, जिससे लड़की काफी आहत और नाराज थी। इसी मानसिक तनाव के चलते उसने यह खतरनाक कदम उठाया और मोबाइल टावर पर चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ दिन पहले भी लड़की ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया था, जिससे उसकी मानसिक स्थिति को लेकर चिंता और बढ़ गई थी।

ये भी पढ़ें- 'क्रूज डूबने लगा तब दी लाइफ जैकेट', हादसे में अपनों को खो चुके लोगों ने बताई हकीकत

घटना की सूचना मिलते ही बड़वाह एसडीएम सत्यनारायण दर्रे और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टावर के नीचे परिजन रो-रोकर बेहाल थे, जबकि अधिकारी लगातार लड़की को समझाने का प्रयास कर रहे थे। काफी देर तक बातचीत के बावजूद जब लड़की नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई, तब उसके जीजा और मोबाइल टावर के एक कर्मचारी ने अपनी जान जोखिम में डालकर टावर पर चढ़ने का निर्णय लिया। दोनों ने ऊपर पहुंचकर लड़की से काफी देर तक बातचीत की और उसे समझाया। आखिरकार उनकी कोशिशें सफल रहीं और लड़की सुरक्षित नीचे उतर आई। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

मामले में एक और मोड़ तब आया जब लड़की की मांग पर उसका प्रेमी मौके पर पहुंचा। हालांकि वहां मौजूद परिजनों ने युवक की पिटाई कर दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे वहां से भेज दिया। एसडीएम सत्यनारायण दर्रे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल बालिका को सुरक्षित थाने लाकर काउंसलिंग की जा रही है, ताकि उसे मानसिक रूप से संबल मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें