मध्यप्रदेश की कटनी पुलिस ने अवैध सट्टा-जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिसके कब्जे से 1.30 लाख नगद सहित क्रिकेट सट्टे में उपयुक्त 4 मोबाइल फोन जब्त किए है। जानकारी के मुताबिक बीती रात एसपी अभिजीत कुमार रंजन की गठित SIT टीम ने माधवनगर, झिंझरी सहित अन्य 8 स्थानों में दबिश दी थी। जहां के 4 से 5 स्थानों में 13 आरोपी पकड़े गए है।
कुछ आरोपी जुआ खेलते पकड़े गए तो कुछ मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेल रहे थे। सभी आरोपियों को पकड़ते हुए माधवनगर थाने ले जाया गया, जहां पुलिस इनके तार किन से जुड़े इसका पता लगाने में जुट गई है। माधवनगर थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि एसपी अभिजीत रंजन द्वारा गठित टीम के साथ मिलकर कई स्थानों में दबिश दी गई। इस दौरान जुआ खेलते राहुल चावला, अजय नागवानी, संजय धर्मपाल, जय जिज्ञासी, अलश रावलानी, अनिल बजाज को पकड़ा जिनके कब्जे से 84 हजार नगद सहित 52 ताश के पत्ते जब्त हुए है।
वहीं क्रिकेट सट्टे के मामले में भी अजय, बंटी, विपिन, नीरज कजवानी, भरत, रवि रावतानी, आकाश जिलानी को पकड़ा है, जिनसे 4 मोबाइल ऑनलाइन सट्टा की सक्रिय मिलने पर जब्त किया है। वहीं आरोपियों से कुल 35 हजार नगद बरामद हुए है। इस प्रकार दोनों प्रकरण से 1 लाख 29 हजार नगद एवं अन्य 4 मोबाइल जब्त किए है। बता दें हाल ही में विधायक संदीप जायसवाल ने कटनी पुलिस को जिले में फैले अवैध कारोबार पर कड़ी कार्रवाई को करने को कहा था, जिसके बाद एसपी ने SIT टीम गठित करते हुए लगातार इस तरह की कार्रवाई जारी रखे हुए है।