दतिया के महिला एवं बाल विकास विभाग में जमकर हंगामा हुआ। इस घटनाक्रम का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में अधिवक्ता व जिला कार्यक्रम अधिकारी के बीच बहस हो रही है। वीडियो में अधिकारी अधिवक्ता की ओर कॉलर करते हुए कह रहे पकड़ो मेरा कॉलर, मारो मुझे। अधिवक्ता शंभू गोस्वामी ने महिला एवं बाल विकास विभाग से आरटीआई के तहत जानकारी मांगी थी। विभाग की ओर से जवाब दिया गया कि मांगी गई जानकारी करीब 83 हजार पन्नों में है, जिसकी कॉपी शुल्क के रूप में 1.66 लाख रुपए जमा करने होंगे। बताया गया कि अधिवक्ता यह राशि नकद लेकर विभाग पहुंच गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद उपाध्याय ने यह राशि नकद जमा करने से इन्कार कर दिया। इसे लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी। मामला बढ़ने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने गुस्से में अपना कॉलर आगे कर दिया और कहा पकड़ो मेरा कॉलर थप्पड़ मारो। इस दौरान कार्यालय में मौजूद लोगों ने बीच बचाव भी किया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हुआ है। यह पूरा मामला दतिया में सुर्खियों में बना हुआ है। वहीं, इस मामले में डीपीओ अरविंद उपाध्याय का कहना था कि अधिवक्ता शंभू गोस्वामी पूरे प्लान के साथ उनके दफ्तर में दाखिल हुए थे और जो आरोप उनके द्वारा लगाए जा रहे हैं वह उचित नहीं है।