फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Damoh News: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने घर जा रही महिला को रौंदा, फिर दीवार तोड़ मैरिज गार्डन में जा घुसी

Tue, 04 Mar 2025 05:10 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

कोतवाली थाना क्षेत्र के लोको इलाके में मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने घर जा रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पास के शहनाई मैरिज गार्डन की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसी। घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में कार चालक भी घायल हुआ, लेकिन प्राथमिक उपचार के बाद वह अस्पताल से फरार हो गया।

मृतका की पहचान 50 वर्षीय नन्नीबाई सेन के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि आरोपी चालक बिट्ठल ठाकुर नशे में धुत था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। घटना के बाद आरोपी ने परिजनों को धमकाते हुए कहा कि वह सिद्धार्थ मलैया का आदमी है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

मृतका के बेटे राजा सेन ने बताया कि उसकी मां घर लौट रही थी, तभी आरोपी ने टक्कर मार दी। मृतका के भतीजे नेकनारायण सेन के अनुसार, जब वह घायल चाची को उठाने लगा तो आरोपी ने उसे भी धमकाते हुए कहा, "मुझे भी उठाओ।" हादसे के बाद परिजनों ने तुरंत डायल-100 पर सूचना दी और महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।

जांच जारी, आरोपी की तलाश में पुलिस
कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी नशे में था या नहीं। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें