मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक बड़ा ही रोमांचक दृश्य सामने आया, जब एक प्यासे कोबरा ने बोतल से पानी पिया। यह नजारा देखकर ग्रामीण हैरान रह गए और इसे अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना बैतूल के ग्राम दाभेरी की है। यहां एक घर में जहरीला कोबरा नजर आने से परिवार में हड़कंप मच गया। घरवालों ने तुरंत सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा को बुलाया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर सांप को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस दौरान कोबरा अत्यधिक आक्रामक हो गया।
विशाल विश्वकर्मा के अनुसार, जब कोई सांप ज्यादा उत्तेजित हो जाता है, तो इसके पीछे आमतौर पर भूख या प्यास का कारण होता है। ऐसे में उसे सामान्य करने के लिए पानी देना एक प्रभावी तरीका होता है। सावधानी बरतते हुए विशाल ने बोतल से कोबरा को पानी पिलाया, जिसे सांप ने सहज रूप से पी लिया। यह देखकर ग्रामीण आश्चर्यचकित रह गए।
विशाल ने बताया कि गर्मी के मौसम में सांप अक्सर ठंडी जगह की तलाश में घरों में घुस जाते हैं। दाभेरी में मिला यह कोबरा भी संभवतः पानी की तलाश में आया था। पानी पीने के बाद जब वह शांत हो गया, तो उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।
विशाल विश्वकर्मा ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि किसी को घर या आसपास सांप दिखाई दे, तो घबराने के बजाय तुरंत सर्पमित्रों को सूचना दें। सांप को मारने की बजाय उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ना बेहतर होता है। इसके अलावा, यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो बिना देरी किए उसे अस्पताल पहुंचाएं, ताकि समय पर उचित इलाज मिल सके।