सागर जिले के जैसीनगर क्षेत्र के पड़गई गांव में किसान किसान ऋषिराज ठाकुर के खेत में लगे करीब 200 साल पुराने विशालकाय बरगद के वृक्ष में आग लग गई। पेड़ करीब 2 एकड़ खेत में फैला है। बीती रात करीब 2:30 बजे बरगद के पेड़ में अचानक आग लगी, बरगद के पेड़ में आग देख लोगों ने आस-पास से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा चलने से आग लगातार बढ़ती गई, सूचना पर जैसीनगर पुलिस और सागर नगर निगम की फायरबिग्रेड भी पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाने की कोशिश की।
फायर बिग्रेड ने लगातार पांच बार पानी भरकर आग बुझाई लेकिन सुबह 10 बजे तक आग नहीं बुझ सकी। काफी वक्त के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बरगद के पेड़ में आग कैसे लगी फिलहाल इसके कारण अज्ञात हैं। बताया जा रहा है कि बरगद का वृक्ष क्षेत्र का सबसे प्राचीन और विशालकाय पेड़ है, किसान के पूर्वज प्रकृति प्रेमी थे उन्होंने कभी भी बरगद के पेड़ को नुकसान नहीं पहुंचाया और यह बरगद का पेड़ दिन प्रतिदिन बढ़कर अब दो एकड़ खेत में फैल चुका है।