राजधानी समेत प्रदेश के कई जिलों में समाजवादी पार्टी के विवादित पोस्टर लगाए जाने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पोस्टरों में दिवंगत सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साथ शिवपाल सिंह यादव और अखिलेश यादव की तस्वीरें प्रकाशित होने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह पोस्टर पार्टी की छवि धूमिल करने और भ्रम फैलाने के उद्देश्य से लगाए गए हैं। मामले को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सपा नेताओं ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।