दुबग्गा इलाके में आउटर रिंग रोड (बाजनगर अंडरपास) के पास हरदोई रोड पर रविवार दोपहर भीषण जाम लग गया। सर्विस लेन पूरी तरह चोक हो गई और राहगीरों के साथ एम्बुलेंस भी एक घंटे से अधिक समय तक फंसी रही। बाजनगर गांव से छंदुईया चौराहे तक नव निर्मित हरदोई रोड पर डिवाइडर न होना और नौबस्ता रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का एक दिशा में निर्माणाधीन होना जाम की मुख्य वजह रहा। एक ही लेन से दोनों तरफ का यातायात संचालित होने से स्थिति बिगड़ गई। एसीपी शकील अहमद के अनुसार पुलिस टीम मौके पर भेजी गई है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर देवेश शाही ने बताया टीम लगाकर यातायात सुचारु कराया गया। स्थानीय लोगों ने हरदोई रोड पर डिवाइडर बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या न हो।