नरही स्थित सहायता प्राप्त विद्या मंदिर गर्ल्स हाईस्कूल को खाली कराए जाने के मामले में शुक्रवार को विद्यालय प्रबंधन और शिक्षक नेताओं ने एडीएम पूर्वी महेंद्र पाल सिंह से मुलाकात कर कार्रवाई पर कड़ा विरोध जताया। विद्यालय की प्रबंधक संतोष रस्तोगी ने माध्यमिक शिक्षा संगठन के प्रदेश मंत्री आशीष कुमार सिंह और प्रांतीय संयुक्त मंत्री मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया कि कुछ लोग न्यायालय और पुलिस को गुमराह कर शैक्षिक संस्था पर कब्जा करना चाहते हैं। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि विद्यालय को खाली कराने के दौरान महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और अभिलेखों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से 250 से अधिक छात्राओं और शिक्षिकाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। शिक्षिकाओं ने भी कार्रवाई पर रोष जताते हुए विद्यालय और छात्राओं के हितों की रक्षा की मांग की। एडीएम पूर्वी ने मामले में तथ्यों की जांच कर न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि गुरुवार को एडीएम कोर्ट के आदेश पर हजरतगंज पुलिस की मौजूदगी में विद्यालय भवन खाली कराया गया था, जबकि प्रबंधन का दावा है कि मामले में अपील अभी न्यायालय में लंबित है।