सरकारी विद्यालयों के बच्चों व शिक्षकों के लिए मोहनालगंज ब्लाक से पत्रिका का प्रकाशन शुरू हुआ है। उत्प्रेरक नाम से शुरू हुई इस पत्रिका का विमोचन सोमवार को निशातगंज स्थित डायट में प्राचार्य राम प्रवेश व खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार कनौजिया की मौजूदगी में किया गया। राजधानी के सरकारी विद्यालयों के लिए किसी ब्लाक स्तर पर इस तरह की पत्रिका का प्रकाशन पहली बार हुआ है। पत्रिका का संपादन करने वाली एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) अदिति पांडेय ने बताया कि पत्रिका में बच्चों की ओर लिखी गईं छोटी-छोटी खबरें, उनकी कविता, कहानी, व शिक्षकों के नवाचारों का प्रकाशन किया जाएगा। पत्रिका का विमोचन करते हुए डायट प्राचार्य उप शिक्षा निदेशक राम प्रवेश ने कहा कि मोहनलागंज की ओर से विकास खंड की वार्षिक पत्रिका का नया अंक जारी किया गया है। यह पत्रिका विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कल्पना और बौद्धिक विकास का जीवंत दर्पण है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को अपने विचारों, कलात्मकता और तार्किक सोच को व्यक्त करने का मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि पत्रिका में संकलित कविताएं, कहानियां, लेख और चित्रकारी बच्चों की गहरी सोच को प्रदर्शित करती हैं। एक विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे के भीतर छिपी अनूठी प्रतिभा को पहचानना और उसे निखारना है।