लखनऊ के लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मेयर और नगर आयुक्त ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। सुनवाई के दौरान कई लोगों ने नाला और सीवर की गंभीर समस्याएं उठाईं। एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उनके मोहल्ले में पिछले दो वर्षों से नाले का पानी भरा रहता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। वहीं, एक अन्य नागरिक ने आरोप लगाया कि उसके घर में सीवर का पानी भर रहा है, जिससे परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा सफाई, जलभराव, सड़क और अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतें भी अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। मेयर और नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों को सभी शिकायतों का मौके पर निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।