लखनऊ। दुबग्गा क्षेत्र में सब्जी मंडी केनरा बैंक के पास स्थित निर्माणाधीन प्लाट पर कब्जे और रंगदारी की मांग को लेकर दबंगों ने रविवार दोपहर दहशत फैला दी। करीब एक दर्जन से अधिक दबंगों ने प्लाट पर धावा बोलते हुए पांच राउंड से अधिक हवाई फायरिंग की और मजदूरों पर ईंट-पत्थर बरसाए। हमले में एक मजदूर घायल हो गया, जबकि भगदड़ मचते ही अन्य मजदूर भागकर जान बचाने में सफल रहे। पीड़ित आढ़ती फाहम जहीर ने बताया कि बीते शुक्रवार रात हुए हमले में पुलिस ने सुनवाई नहीं की थी, जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की। रविवार को आठ नामजद आरोपियों विक्रांत साहू, तीरथ, सत्येंद्र रावत, इस्लाम उर्फ उलू, सुफियान,सनी खान सौरभ रावत और मूसा रावत के खिलाफ दुबग्गा पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। फाहम का आरोप है कि दबंग करीब 30 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। कई बार लेखपाल स्तर पर विवाद निस्तारित होने के बावजूद कब्जे का प्रयास जारी है। इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा ने बताया आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ हवाई फायरिंग और मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को देख टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।