गुडंबा थाना क्षेत्र में एक निजी विश्वविद्यालय में कार्यरत 24 वर्षीय नर्स की मौत के मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रिश्तेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाराबंकी निवासी युवक के मुताबिक उसकी 24 वर्षीय बहन अपनी बड़ी बहन और बहनोई के साथ पहाड़पुर में किराये के मकान में रहती थी तथा इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में नर्स के पद पर कार्यरत थी। आरोप है कि सीतापुर निवासी उनका रिश्तेदार सचिन काफी समय से उनकी बहन को परेशान कर रहा था। इसकी जानकारी मृतका ने कई बार फोन पर परिजनों को दी थी। परिजनों ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आरोपी ने मृतका के साथ कई बार मारपीट भी की। आरोप है कि 24 जुलाई को उसने इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में फोन कर अस्पताल के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने मृतका के बारे में आपत्तिजनक व गलत बातें कहीं। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उसने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।