काकोरी नगर पंचायत में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे नगरवासियों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। घर हो या दुकान, बंदरों के झुंड हर जगह उत्पात मचा रहे हैं। कहीं फल के ठेलों से फल उठाकर भाग जाते हैं, तो कहीं घरों से खाने का सामान ले जाते समय गंदगी फैलाते हैं। स्थिति यह है कि महिलाएं और बच्चे गलियों से निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। नगर पंचायत के जय सिंह, आजाद चौधरी, राहुल यादव, सचिन, आदिल ,नीलम श्रीवास्तव, आशीष शर्मा, धीरज यादव ,राजन, शिवमोहन ,विनय निगम, अब्दुल सलाम, अबरार ,अजय भारती ,अमानत मिर्जा ,अनस सिद्दीकीसमेत कई लोगों ने बताया कि लगातार नगर पंचायत कर्मियों और अधिशासी अधिकारी, अध्यक्ष से शिकायत कर रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष रोहित साहू ने बताया कुछ दिनों पहले तीन सौ से अधिक बंदरों को पकड़वाकर बाहर छुड़वाया गया था, लेकिन अभी भी कई स्थानों पर हजारो बंदरों की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक और अभियान चलाया जाएगा, ताकि नगर पंचायत क्षेत्र को बंदरों के आतंक से मुक्त कराया जा सके।