लखनऊ के इटौंजा थाना गेट के सामने संचालित कथित अवैध ई-रिक्शा स्टैंड के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों का आरोप है कि सड़क पर ई-रिक्शों के खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और थाने आने वाले फरियादियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, बस्ती और गोरखपुर की ओर आने-जाने वाले वाहनों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। ऐसे में जाम लगने से लंबी दूरी के वाहन भी प्रभावित होते हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि केवल वरिष्ठ अधिकारियों के दौरे के समय ही ई-रिक्शों को हटाकर यातायात सुचारु कराने की कार्रवाई की जाती है, जबकि सामान्य दिनों में स्थिति जस की तस बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से अवैध स्टैंड हटाने और नियमित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके।