शहर में आम लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित हेल्थ एटीएम केंद्रों के संचालन और उपयोगिता पर सवाल उठने लगे हैं। लोक बंधु अस्पताल परिसर में स्थापित हेल्थ एटीएम दोपहर करीब 12 बजे बंद मिला, जिससे वहां पहुंचने वाले लोगों को निराशा का सामना करना पड़ा। वहीं चौक स्थित कुड़ियाघाट क्षेत्र में बने हेल्थ एटीएम पर भी मरीजों की संख्या काफी कम बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां प्रतिदिन केवल 2 से 10 मरीज ही पहुंचते हैं, वह भी मौसम और बीमारी के प्रकोप के अनुसार। विशेषज्ञों का मानना है कि आसपास कम दूरी में कई हेल्थ एटीएम केंद्रों का होना भी कम उपयोग का एक कारण हो सकता है। इसी प्रकार केडी सिंह बाबू स्टेडियम परिसर में स्थापित हेल्थ एटीएम पर भी प्रतिदिन केवल 2 से 3 लोगों के पहुंचने की बात सामने आ रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इसके निकट ही बलरामपुर अस्पताल और सिविल अस्पताल मौजूद हैं, जहां अधिकांश जांचें निःशुल्क उपलब्ध हैं। जबकि हेल्थ एटीएम में कुछ बुनियादी जांचों को छोड़कर अन्य कई जांचों के लिए शुल्क देना पड़ता है।