निगोहां । मंगलवार की देर रात निगोहां कस्बा के स्टेशन रो पर उस समय एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया जब रिहाइशी इलाके में घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार अचानक शॉर्ट सर्किट के बाद टूटकर गिर गया। आपूर्ति चालू तार सीधे एक कारपेंटर के घर पर जाकर गिरा जिसके बाद जोरदार धमाकों और तेज चिंगारियों से आसपास दहशत फैल गई। गनीमत रही कि परिवार बाल-बाल बच गया। घटना से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया जिसकी सूचना पर निगोहां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। हादसे के कारण भीषण गर्मी में लगभग दो दर्जन गांवों की बत्ती चार घंटे तक गुल रही।