गोमती नगर विस्तार के खरगापुर मुख्य मार्ग और सेक्टर-5 शहीद पथ की सर्विस लेन पर बारिश का पानी भरने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। जलभराव के कारण सड़कों पर बने गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, पानी निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के बाद लंबे समय तक सड़क पर जलभराव रहता है। गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालक अक्सर संतुलन खोकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने, सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को जल्द भरने की मांग की है, ताकि हादसों पर रोक लग सके।