राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ पूरी मजबूती से चुनावी मैदान में उतरेगा। पार्टी के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता ए.के. वाजपेयी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश मीडिया क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा उत्तर प्रदेश का व्यापक दौरा कर संगठन को मजबूत करेंगे और एनडीए की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाएंगे। वाजपेयी ने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल की तरह उत्तर प्रदेश में भी एनडीए के साथ मिलकर मजबूत सरकार बनाने का लक्ष्य है। प्रेसवार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पृथ्वीराज यादव ने कहा कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा गठबंधन धर्म का पूरी निष्ठा से पालन करेगा। शीर्ष नेतृत्व द्वारा जो भी जिम्मेदारी या सीटें दी जाएंगी, पार्टी उनका पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार राणा ने संगठन विस्तार की घोषणा करते हुए अरुण चौधरी और अंकित यादव को प्रदेश उपाध्यक्ष, हरेन्द्र सिंह को प्रदेश सचिव तथा अजय कुमार सिंह को पश्चिम उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ता 2027 के चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं। प्रेसवार्ता में पार्टी नेताओं ने कहा कि उनकी प्राथमिकता केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। इस दौरान प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प भी लिया।