आपने अक्सर शारीरिक रूप से फिट लोगों को क्रिकेट खेलते हुए देखा होगा। यहां तक की अंतरराष्ट्रीय पुरुष एवं महिला क्रिकेटरों की टीम भी पूरी तरह से फिट होने पर ही चुनी जाती है। लेकिन, आपको बता दें कि दृष्टिहीन लोग भी क्रिकेट खेलते हैं। उनकी भी टीम है। उनके भी राष्ट्रीय मैच और रणजी मैच होते हैं। लखनऊ में इन दिनों ऐसे ही टीमों के मैच खेले जा रहे हैं। राजधानी में एआर जयपुरिया स्कूल के स्पोर्ट्स गैलेक्सी ग्राउंड में राष्ट्रीय दृष्टिबाधित किक्रेट प्रतियोगिता खेली जा रही है। यहां विभिन्न राज्यों से आईं दृष्टिबाधित क्रिकेटरों की टीमें भाग लेने पहुंची हैं। गुरुवार को पंजाब और महाराष्ट्र के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें खेल रहे खिलाड़ी बॉल की आवाज सुनकर शॉट लगाते हैं। इसमें उपयोग की जाने वाली प्लास्टिक की बॉल में कंचे भरे होते हैं। उससे निकलने वाली ध्वनि को सुनकर गेंदबाज गेंद फेंकते हैं। बल्लेबाज ध्वनि सुनकर ही शॉट मारते हैं।