राजधानी लखनऊ में शुक्रवार की शाम तीन मंजिला मकान में बने अवैध फोटो फ्रेम गोदाम में आग लग गई। आग बुझाते समय मकान का छज्जा गिर गया। इसमें पांच दमकलकर्मी घायल हो गए। करीब चार घंटे में दमकलकर्मी आग पर काबू पा सके। गोदाम में फंसे पांच कर्मचारियों में से एक मामूली रूप से झुलस गया, जबकि अन्य चारों को सुरक्षित निकाल लिया गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह मौका मुआयना करके जानकारी ली। घटना अलीगंज सेक्टर क्यू के उस्मानपुर गांव की है। यहां स्थित तीन मंजिला मकान में अमरजोत सिंह का फोटो फ्रेम का गोदाम है। शाम करीब 6:30 बजे गोदाम में काम चल रहा था। तभी अचानक आग लगने से वहां काम कर रहे पांच कर्मचारी फंस गए। वे मदद के लिए चीख पुकार मचाने लगे। घटना से मोहल्ले में अफरा तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने तलों को अपनी चपेट में ले लिया। किसी तरह से लोगों ने उन्हें बाहर निकाला फिर घटना की जानकारी दमकल कर्मियों और अलीगंज पुलिस को दी गई। लोग भी बाल्टियों में पानी भर-भर कर आग बुझाने की कोशिश करने लगे। दमकलकर्मी जब आग बुझा रहे थे, तभी मकान का छज्जा गिर गया। फायरमैन महेंद्र कुमार बिंद, गंगामणि सिंह, फायर मैन अशोक कुमार, रजनीश व सुनील कुमार उसकी चपेट में आकर चोटिल हो गए। आनन फानन दमकल कर्मियों और पुलिस ने मलबा हटाकर घायलों को महानगर स्थित भाऊराव देवरस अस्पताल पहुंचाया। एक के बाद एक कुल आठ दमकल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।