राजधानी लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र में नगर निगम जोन-3 की ओर से दो दिन पहले लगातार अभियान चलाकर चार नंबर चौराहा स्थित डिवाइडर से अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन कार्रवाई का असर महज दो दिन ही टिक सका। शुक्रवार को डिवाइडर पर फिर से दुकानों का कब्जा दिखाई दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुडंबा पुलिस की अनदेखी के चलते अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। राहगीरों का कहना है कि सबसे अधिक कब्जा एक समोसा विक्रेता ने फिर से जमा लिया है। आरोप है कि उस पर विशेष मेहरबानी होने के कारण वह बेखौफ होकर डिवाइडर पर दुकान सजा रहा है। इससे चौराहे पर यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नगर निगम अतिक्रमण हटाता है तो पुलिस की जिम्मेदारी है कि दोबारा कब्जा न होने दे। लेकिन कार्रवाई के कुछ ही दिनों में स्थिति पहले जैसी हो जाने से अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने नगर निगम और पुलिस से संयुक्त रूप से नियमित निगरानी कर डिवाइडर को अतिक्रमण मुक्त रखने की मांग की है।