राजधानी लखनऊ में मंगलवार को खाद एवं रसद विभाग की टीम ने फैजाबाद रोड स्थित कांवड़ यात्रियों के रूट पर पड़ने वाली दुकानों पर खान-पान की सामग्रियों की जांच की। इस दौरान एक्सपायरी प्रोडक्ट को नष्ट किया गया। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। खासतौर पर यात्रा मार्ग पर खाद्य और औषधि सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। कांवड़ मार्ग पर सभी खाद्य प्रतिष्ठानों के पास वैध लाइसेंस या पंजीकरण होना अनिवार्य है। इन प्रतिष्ठानों को अपने पंजीकरण प्रमाण-पत्र और फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड FSD बोर्ड प्रमुखता से लगाने होंगे। ताकि, ग्राहक उसे देख सकें। राजधानी लखनऊ के फैजाबाद रोड से तमाम कांवड़ यात्री महादेव और अयोध्या स्थित शिवालय में जलाभिषेक के लिए जाते हैं। इसको देखते हुए खाद्य रसद विभाग में खाद्य पदार्थों की दुकान पर सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की। जो सामान दुकान और रेस्टोरेंट में एक्सपायर मिले उन्हें डिस्ट्रॉय कराया। साथ ही दुकान का फीडबैक देने को लेकर एक एप्लीकेशन के माध्यम से QR कोड जनरेट करके लगाया। इसे स्कैन करके ग्राहक अपना फीडबैक दे सकेंगे।