झांसी।सावन माह के पहले सोमवार को शहर पूरी तरह शिवमय नजर आया। मड़िया महादेव मंदिर, हजारिया महादेव मंदिर, सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, पानी की धर्मशाला स्थित शिव मंदिर तथा पंचकुइया के पंचमुखी महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पंचकुइया स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर में महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ शिवलिंग निर्माण कर पूजन किया। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा। वहीं शहर के विभिन्न क्षेत्रों से सिद्धेश्वर मंदिर, मड़िया महादेव, हजारिया महादेव, पानी की धर्मशाला स्थित शिव मंदिर तथा अन्य शिवालयों के लिए कांवड़ यात्राएं भी निकाली गईं। शिवभक्त कंधों पर कांवड़ लेकर भजन-कीर्तन और 'बम-बम भोले' के जयघोष के साथ मंदिरों तक पहुंचे तथा भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पूरे दिन शहर के प्रमुख शिवालयों में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। सावन के पहले सोमवार पर मंदिरों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन किए, जिससे पूरा शहर शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।