अमर उजाला ब्यूरो झांसी। कैचमेंट इलाकों में लगातार हो रही बारिश से बेतवा नदी के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इससे झांसी मंडल के सुकुवां-ढुकुवां, पारीछा और बड़वार बांध लबालब हो गए हैं। अधिकतम जलस्तर तक पहुंचने पर शनिवार दोपहर पारीछा बांध के गेट खोलकर 2202 क्यूसेक पानी बेतवा नदी में छोड़ा गया। वहीं सुकुवां-ढुकुवां बांध से भी 1600 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। पहाड़ी बांध से 8580 क्यूसेक और मऊरानीपुर के लहचूरा बांध से 17 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। पानी की आवक बढ़ने से राजघाट बांध 88.07 प्रतिशत और माताटीला बांध 63.46 प्रतिशत भर चुका है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का अनुमान है कि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो 15 सितंबर तक झांसी मंडल के ज्यादातर बांध भर जाएंगे। सूखे की आशंका के बीच बांधों में तेजी से बढ़ रहे जलस्तर से सिंचाई विभाग ने राहत की सांस ली है। बेतवा नदी के बहाव में तेजी आने से सुकुवां बांध का जलस्तर अधिकतम 271.27 मीटर पर पहुंच गया। पारीछा का जलस्तर भी 192.94 मीटर और बड़वार का 185.99 मीटर दर्ज किया गया। अधिकतम जलस्तर पर पहुंचने के बाद सुकुवां से 1600 क्यूसेक और पारीछा से 2202 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। मऊरानीपुर स्थित लहचूरा बांध पहले ही लबालब भर चुका है। सिंचाई विभाग के आंकड़ों के मुताबिक झांसी मंडल के 27 बांधों में 16 बांध 50 फीसदी से अधिक भर चुके हैं। अधिशासी अभियंता बृजेश पोरवाल ने बताया कि बेतवा में जलस्तर बढ़ने से अन्य बांधों में भी आवश्यकता के मुताबिक पानी का भंडारण किया जा सकेगा। बांधों में मौजूदा जलस्तर बांध जलस्तर (मीटर) उपयोगी पानी (%) डिस्चार्ज राजघाट 371 88.07 00 माताटीला 308 63.46 00 सुकुवां 271.27 100 1600 क्यूसेक पारीछा 192.94 100 2202 क्यूसेक पहूज 234.09 47.88 00 बड़वार 185.99 100 00 डोंगरी 272.20 8.17 00 खपरार 273.00 40.71 00 सपरार 224.64 39.67 00 पहाड़ी 195.93 84.12 8580 क्यूसेक लहचूरा 182.30 100 17000 क्यूसेक लखेरी 185.20 52.99 00 नदियां खतरे के निशान से नीचे, बेतवा में बढ़ा जलस्तर सिंचाई विभाग की 22 अगस्त की नदी गेज रिपोर्ट के अनुसार नोटघाट में बेतवा नदी का जलस्तर 192.360 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 205 मीटर से 12.64 मीटर नीचे है। हालांकि बेतवा के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। नोटघाट में 24 घंटे के दौरान नदी के जलस्तर में इजाफा हुआ है। एक जून से अब तक झांसी मंडल में कुल 325 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।