ललितपुर। तुवन मंदिर से सोमवार सुबह विशाल कांवड़ यात्रा पाली के नीलकंठेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे पर बज रहे भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे थे। पूरे मार्ग में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस और प्रशासन की टीम भी लगातार व्यवस्था संभालने में जुटी रही। अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, एडीएम दिनेश कुमार और यातायात प्रभारी आलोक तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।