केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मौजूदगी में शनिवार को सिलीगुड़ी में दार्जिलिंग पहाड़, तराई और डुआर्स क्षेत्र के लोगों की चिरप्रतीक्षित आकांक्षाओं के स्थायी राजनीतिक समाधान को लेकर उच्चस्तरीय बैठक हुई। दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने बैठक के बाद कहा कि पहाड़, तराई और डुआर्स के स्थायी राजनीतिक समाधान की दिशा में यह एक बड़ी और महत्वपूर्ण पहल है। बैठक में इस बात पर व्यापक सहमति बनी कि समाधान भारतीय संविधान के दायरे में ही निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दिशा में आगे बढ़ते हुए सरकार ने प्रस्तावित समाधान की व्यापक रूपरेखा तैयार करने के लिए पूर्व बीएसएफ प्रमुख पंकज कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का फैसला किया है। बिष्ट ने इसे पहाड़, तराई और डुआर्स के लोगों की लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक आकांक्षाओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।