कश्मीर के पर्यटन क्षेत्र और वहां आने वाले सैलानियों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वीरवार को विश्व प्रसिद्ध गुलमर्ग गंडोला सेवा को औपचारिक रूप से जनता के लिए दोबारा शुरू कर दिया है। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के इस खूबसूरत पर्यटन स्थल में गत 25 मई को एक तकनीकी खराबी के कारण 300 से अधिक पर्यटक हवा में फंस गए थे जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से इस केबल कार सेवा को लगभग एक महीने के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया था। इस प्रतिष्ठित सेवा के दोबारा बहाल होने से गुलमर्ग पहुंचे सैलानियों और स्थानीय पर्यटन व्यवसायियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।