उत्तर प्रदेश में भदोही के ज्ञानपुर से विधायक विजय मिश्रा ने सैकड़ों समर्थकों के साथ एसपी छोड़ने का एलान किया। बताया जा रहा है कि मिश्रा टिकट कटने से नाराज थे। विजय मिश्रा इससे पहले 2002, 2007 और 2012 में विधायक चुने गए। खुद को टिकट ना मिलने से आहत विजय मिश्रा ने कहा कि भ्रष्टाचार के जद में एसपी के कई बड़े नेता हैं। ऐसे कई राज मेरे सीने में दफन हैं जो मैं सामने ले आया तो एसपी में भूकंप आ जाएगा। विजय मिश्र पूर्वांचल से पहले ऐसे विधायक हैं जिनका टिकट सपा ने काटा है। कई मामलों में उनके खिलाफ चल रहे मुकदमों को इसका कारण माना जा रहा है। लेकिन पहले टिकट कटने और फिर विजय मिश्रा का पार्टी छोड़ना ये संकेत दे रहा है कि वो आस-पास के कई इलाकों में एसपी के खिलाफ मोर्चा खोल सकते हैं।