वित्तमंत्री अरुण जेटली ने टैक्स में राजनीतिक दलों को फायदा पहुंचाने वाली खबरों का खंडन करते हुए साफ किया है कि किसी भी राजनीतिक दल को टैक्स में कोई छूट नहीं दी गई है। राजनीतिक दलों की टैक्स जांच को लेकर चल रहे विवाद पर जेटली ने कहा है कि इस बारे में कानून में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके साथ ही जेटली ने कड़ा रुख अपनाते हुए ये भी साफ किया है कि राजनीतिक दलों को चंदे में पुराने नोट लेने की इजाजत नहीं है, अगर कोई दल चंदे में पुराने नोट लेता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।