अंब(ऊना)। सिविल अस्पताल अंब की रोगी कल्याण समिति की वार्षिक बैठक एसडीएम पारस अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस अवसर पर चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राहुल कतना ने अस्पताल के वित्तीय लेखा-जोखा का विवरण रखा, जिसके बाद आगामी वित्त वर्ष के लिए 70.43 लाख रुपये का बजट सर्वसम्मति से मंजूर किया गया। यह राशि पिछले वित्तीय वर्ष के बजट से काफी अधिक है। बैठक में निर्णय लिया गया कि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं, एंबुलेंस और लैब परीक्षणों की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिकों को राहत देते हुए 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए ओपीडी शुल्क माफ कर दिया गया है, साथ ही उनके लिए ईसीजी और दंत चिकित्सा भी बिल्कुल मुफ्त रहेगी। मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए अस्पताल में जल्द ही लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से सीटी स्कैन मशीन स्थापित की जाएगी। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने बताया कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या बढ़कर 12 हो चुकी है, जिनमें कई विशेषज्ञ भी शामिल हैं।