हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के उपमंडल अंब के अंतर्गत आने वाले गांव टकारला में वनकाटुओं के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे दिनदहाड़े अवैध कटान को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामले में वनकाटुओं ने टकारला में निजी भूमि पर खड़े खैर के पेड़ों को काट डाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव टकारला में स्थित जीवन लठ और राजीव लठ की निजी भूमि पर अज्ञात वनकाटुओं ने खैर के पेड़ों पर आरी चला दी। जब आसपास के ग्रामीणों ने पेड़ काटने की आवाज सुनी तो वे तुरंत जंगल की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख वनकाटूये मौके से खैर की कटी हुई लकड़ी छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। ग्रामीणों की ओर से मौके पर पहुंचकर देखा गया तो वहां खैर के पेड़ों के करीब 35 मोछे (लकड़ी के टुकड़े) पड़े हुए थे, जो अवैध कटान की पुष्टि कर रहे थे। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अवैध रूप से पेड़ों की कटाई की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि ऐसे वनकाटुओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और जंगलों में गश्त बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।