अखिल भारतीय बॉलीबॉल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने बंगाणा में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में कुटलैहड़ को दो-दो विधायक मिले, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण तथ्य यह है कि दोनों ही विधायक क्षेत्र के विकास में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि एक विधायक ने लगभग 15 महीने और दूसरे ने करीब डेढ़ वर्ष का कार्यकाल पूरा किया, लेकिन दोनों आज तक कुटलैहड़ के लिए केवल दो ठोस विकास कार्य भी गिनाने की स्थिति में नहीं हैं। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र लंबे समय से सरकार की उपेक्षा का शिकार रहा है। विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं और जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार और क्षेत्र के प्रतिनिधि कुटलैहड़ के प्रति पूरी तरह उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं। जनता ने जिन उम्मीदों के साथ अपने प्रतिनिधि चुने थे, वे सभी उम्मीदें आज टूट चुकी हैं। पत्रकार वार्ता में कंवर ने ऐलान किया कि कुटलैहड़ की अनदेखी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी 22 दिसंबर को 'हल्ला बोल' कार्यक्रम के तहत एक विशाल रैली का आयोजन करेगी। यह रैली होटल आशीर्वाद से शुरू होकर एसडीएम बंगाणा के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी।