मकर संक्रांति के पावन पर्व पर चिंतपूर्णी मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं के लिए एक सराहनीय पहल की गई। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को नववर्ष 2026 के आकर्षक और उपयोगी कैलेंडर वितरित किए गए। कैलेंडर पाकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यह कैलेंडर जेबीडी ग्रुप की ओर से हर वर्ष मंदिर न्यास के लिए विशेष रूप से छपवाए जाते हैं। जेबीडी ग्रुप द्वारा हजारों की संख्या में कैलेंडर मंदिर न्यास को उपलब्ध कराए जाते हैं, जिन्हें मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को नि:शुल्क वितरित किया जाता है। नववर्ष 2026 के इन कैलेंडरों में धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल की गई हैं। इसमें वर्ष भर के नवरात्रों, एकादशी व्रत, संक्रांति पर्व, पंचक तिथियों के साथ-साथ सभी प्रमुख अवकाशों की विस्तृत जानकारी दी गई है, जिससे श्रद्धालुओं को पूरे वर्ष धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की योजना बनाने में सुविधा मिलेगी। मंदिर में तैनात वित्त एवं लेखा अधिकारी राजेंद्र कटोच ने बताया कि जेबीडी ग्रुप की ओर से हर साल मंदिर न्यास को नए साल के कैलेंडर छपवाकर दिए जाते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इससे पहले मंदिर न्यास नए साल की शुरुआत पर भी मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में नववर्ष कैलेंडर श्रद्धालुओं को वितरित कर चुका है। मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर कैलेंडर वितरण की इस पहल को श्रद्धालुओं ने खूब सराहा और मंदिर न्यास व जेबीडी ग्रुप का आभार व्यक्त किया।