फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: सुकड़ियाल पंचायत की प्रधान निर्मला देवी का बड़ा एलान, पूरा वेतन जनसेवा को करेंगी समर्पित

Ankesh Dogra Updated Thu, 09 Jul 2026 03:59 PM IST

कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुकड़ियाल की प्रधान निर्मला देवी ने पंचायत की आम सभा में कई जनहितकारी घोषणाएं कर लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रधान बनने का उनका उद्देश्य केवल विकास कार्य करवाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाना है। प्रधान निर्मला देवी ने घोषणा की कि वह अपना पूरा मासिक वेतन जनसेवा के कार्यों के लिए समर्पित करेंगी। उन्होंने कहा कि अपने वेतन का एक भी रुपया व्यक्तिगत या पारिवारिक जरूरतों पर खर्च नहीं करेंगी। इसके अलावा अपनी निजी आय का भी उपयोग जरूरतमंद लोगों की सहायता और सामाजिक कार्यों में करेंगी। उन्होंने पंचायत की प्रत्येक बेटी की शादी पर अपनी ओर से 5100 रुपये शगुन देने की घोषणा भी की। उनका कहना था कि बेटियों का सम्मान और सहयोग समाज की जिम्मेदारी है और इस दिशा में वह अपनी भूमिका निभाएंगी। प्रधान ने कहा कि पंचायत में रहने वाले निर्धन, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बच्चों की पढ़ाई, इलाज अथवा अन्य आवश्यक जरूरतों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि जरूरत पड़ने पर बिना किसी संकोच के उनसे संपर्क करें। निर्मला देवी ने कहा कि वह पंचायत के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए घर-घर जाकर संवाद करेंगी, ताकि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या लेकर कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। उनका प्रयास रहेगा कि अधिकतर समस्याओं का समाधान लोगों के घर-द्वार पर ही किया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को बराबरी का सहयोग और अवसर मिले। इसी सोच के साथ वह पूरी निष्ठा और सेवा भावना से पंचायत के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य करती रहेंगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें