विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर करियर निर्माण के लिए एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने धरातल पर उतरकर एक नई पहल की है। इसी कड़ी में सोमवार को उन्होंने पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल अंब का दौरा किया और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें करियर योजना बनाने के उपयोगी टिप्स दिए। एसडीएम सचिन शर्मा ने छात्रों से कहा कि सबसे पहले उन्हें यह तय करना चाहिए कि वे किस क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। इसके लिए वे इंटरनेट पर डॉक्टर, लॉयर, एचएएस और आईएएस जैसे विभिन्न पेशों से जुड़े अधिकारियों के जीवन के बारे में जानकारी प्राप्त करें। उसके बाद अपने रुचि क्षेत्र के अनुसार निर्णय लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं और संबंधित शिक्षण संस्थानों की जानकारी जुटाएं। उन्होंने कहा कि जब तक विद्यार्थी अपने भविष्य का स्पष्ट लक्ष्य तय नहीं करते, तब तक किसी भी मंजिल को हासिल नहीं कर सकते। एसडीएम ने विद्यार्थियों को अपना करियर चार्ट तैयार करने का सुझाव दिया और कहा कि यदि किसी को मार्गदर्शन या सुझाव की आवश्यकता हो, तो वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। सचिन शर्मा ने यह भी बताया कि वे एक माह बाद पुनः विद्यालय आएंगे और छात्रों द्वारा तैयार किए गए करियर चार्ट का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, निरंतरता और आत्मविश्वास बनाए रखने की सलाह भी दी।