ग्राम पंचायत धमान्धरी के अंतर्गत माजरा मंसोह गांव में बुधवार रात हुई मूसलधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। भारी बारिश से खेतों में भरा पानी जबरदस्त बहाव के साथ रणवीर सिंह पुत्र श्री राम प्रकाश के पोल्ट्री फार्म में घुस गया, जिससे फार्म में मौजूद करीब 10,000 चूजों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से पोल्ट्री मालिक को लगभग 30 लाख रुपये का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित रणवीर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बारिश इतनी तेज थी कि खेतों में भर गया पानी निकलने का कोई रास्ता न होने के कारण सीधा पोल्ट्री फार्म की ओर मुड़ गया। पानी का बहाव इतना तेज और अचानक था कि जानवरों को बचाने का कोई समय तक नहीं मिला। चूजों की मौत से न केवल आर्थिक नुकसान हुआ है बल्कि उनकी देखभाल और पालन-पोषण में किए गए महीनों के परिश्रम पर भी पानी फिर गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पशुपालन विभाग के वेटरनरी डॉक्टर और स्थानीय पटवारी पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेकर नुकसान का आकलन किया और इसकी रिपोर्ट तैयार की। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को त्वरित राहत राशि दी जाए ताकि वह दोबारा अपने व्यवसाय को शुरू कर सके। ग्रामीणों ने साथ ही यह भी कहा कि माजरा मंसोह क्षेत्र में जलभराव की समस्या लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन अब तक इसकी ओर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने आग्रह किया कि प्रशासन इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान निकाले और उचित जल निकासी की व्यवस्था करे ताकि भविष्य में फिर से ऐसी आपदाजनक स्थिति का सामना न करना पड़े। रणवीर सिंह ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उसे शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाए ताकि वह इस संकट से उबर सके। उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि भविष्य के लिए सरकार छोटे किसानों और पोल्ट्री पालकों के लिए बीमा योजना या विशेष सहायता निधि भी उपलब्ध करवाए।