फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una: देर रात की बारिश बनी वरदान, सीड ड्रिल से तेज हुई मक्की की बुआई

Ankesh Dogra Updated Tue, 05 May 2026 02:02 PM IST

उपतहसील जोल के अंतर्गत आने वाले गांव बैरियां में इन दिनों किसान मक्की की बिजाई में व्यस्त नजर आ रहे हैं। देर रात हुई अच्छी बारिश के बाद किसानों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है। खेतों में पर्याप्त नमी बनने से अब किसान ट्रैक्टर और सीड ड्रिल मशीन की मदद से तेजी से मक्की की बुआई करते दिखाई दे रहे हैं। ट्रैक्टर मालिक बलवान सिंह ने बताया कि इन दिनों ड्रिल मशीन से बुआई का कार्य जोर पकड़ चुका है। उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि ट्रैक्टर ड्रिल का रेट 20 रुपये प्रति मिनट के हिसाब से चल रहा है, जो लगभग 1200 रुपये प्रति घंटे बनता है। आधुनिक कृषि यंत्रों के इस्तेमाल से कम समय में अधिक क्षेत्र में बुआई संभव हो रही है, जिससे किसानों को काफी सुविधा मिल रही है। स्थानीय किसान लक्की कुमार ने बताया कि अगर समय पर बारिश नहीं होती, तो किसानों को पहले खेतों में पानी देकर सिंचाई करनी पड़ती, जिसके बाद खेतों को तैयार करने में काफी समय और मेहनत लगती। लेकिन इस बार समय पर हुई बारिश से किसानों को सिंचाई से छुटकारा मिल गया है, जिससे उनके समय और खर्च दोनों की बचत हुई है। उन्होंने बताया कि यह मक्की की फसल अगस्त माह तक तैयार हो जाएगी। इसके बाद सितंबर महीने के पहले सप्ताह में इन्हीं खेतों में आलू की बिजाई की जाएगी। लक्की कुमार ने यह भी बताया कि वे एक साल में तीन फसलों की पैदावार लेकर अपनी आय बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। किसान गुरमेल सिंह का कहना है कि देर रात हुई बारिश हमारे लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे मिट्टी में नमी बनी रहती है, जिससे बीज का अंकुरण अच्छा होता है और फसल की बढ़वार बेहतर रहती है। इस बार अच्छी पैदावार की पूरी उम्मीद है। एक अन्य किसान कृष्ण कुमार ने कहा कि सीड ड्रिल मशीन के उपयोग से बुआई तेज और सटीक तरीके से हो रही है। समय पर बारिश होने से डीजल और सिंचाई का खर्च बचा है। अगर मौसम आगे भी अनुकूल रहा, तो किसानों को बेहतर उत्पादन और अच्छा मुनाफा मिलेगा। गांव बैरियां और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों ट्रैक्टर और आधुनिक कृषि यंत्रों की मदद से मक्की की बुआई तेजी से जारी है। खेतों में सुबह से लेकर शाम तक किसानों की गतिविधियां बनी हुई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में खेती का माहौल जीवंत नजर आ रहा है। कुल मिलाकर, समय पर हुई बारिश ने किसानों के चेहरे पर उम्मीद की नई किरण जगा दी है और वे बेहतर उत्पादन और अच्छी आमदनी की उम्मीद के साथ पूरी मेहनत से अपने खेतों में जुटे हुए हैं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें