जिला ऊना में सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया, वहीं जिला मुख्यालय के वार्ड एक की फ्रेंड्स कालोनी में फिर से बरसाती पानी ने लोगों के घरों में घुस गया। बारिश में जलभराव की समस्या से परेशान लोगों ने चंडीगढ़-धर्मशाला हाईवे के बीचोंबीच ट्रैक्टर ट्राली खड़ी कर और रस्सा बांध हाईवेजाम लगा दिया। मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और जाम खुलवाने की काफी कोशिश भी की। लेकिन गुस्साए लोग मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद प्रशासन ने हल्के बल का प्रयोग कर जाम खुलवाया।