प्रदेश सरकार की ओर से विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों और गारंटियों को पूरा नहीं करने के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा ऊना ने सोमवार को जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष रजत राणा की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने विश्राम गृह ऊना से बस स्टैंड तक रोष रैली निकालकर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सरकार की गारंटियों पर तंज कसते हुए शहर में रेहड़ी लगाकर 2 रुपये प्रति किलो की दर से गोबर बेचने का अनोखा प्रदर्शन किया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष रजत राणा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान युवाओं और आम जनता से बड़े-बड़े वादे किए और गारंटियों के नाम पर सत्ता हासिल की, लेकिन सरकार बनने के बाद अधिकांश वादे पूरे नहीं किए गए।