संसदीय स्थायी समिति, ग्रामीण पंचायती राज विभाग के अध्यक्ष और ओडिशा से कांग्रेस के लोकसभा सांसद सप्तगिरि शंकर उलाका ने शनिवार को तनोह पंचायत का दौरा किया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक विवेक शर्मा और पंचायत सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दौरे के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों को आ रही समस्याओं के बारे में सप्तगिरि शंकर उलाका को विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के कार्यान्वयन में पंचायत प्रतिनिधियों को विभिन्न चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके पश्चात उलाका ने ग्रामीण पंचायती राज विभाग से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर पंचायत प्रतिनिधियों के साथ गहन चर्चा की। उन्होंने जमीनी स्तर पर मौजूद समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए सुझाव आमंत्रित किए। उन्होंने यह भी बताया कि वह प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी इस बारे में चर्चा करेंगे, ताकि लोगों को सुविधाएं प्रदान की जा सकें। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण विकास को सुदृढ़ करना और पंचायतों की भूमिका को सशक्त बनाना है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि उनके सुझावों को संसद में उचित मंच पर उठाया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को तेज किया जा सके।