हिमाचल पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऊना इकाई की बैठक शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिक भवन एमसी पार्क ऊना में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष हरमेश सिंह राणा ने की। बैठक के दौरान मंच संचालन डीडी वशिष्ठ ने किया। इस दौरान सबसे पहले बीते दिनों जिन पेंशनर्ज सदस्यों का निधन हुआ है उनके लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद पेंशनरों की मांगों को लेकर बैठक में चर्चा की गई। इस दौरान पेंशनर सदस्यों ने सरकार द्वारा उनकी मांगों को पूरा न किए जाने पर रोष प्रकट किया। इस मौके पर प्रधान हरमेश सिंह राणा ने पेंशनरों को बकाया वित्तीय लाभ न मिलने, 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 तक सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों की देनदारियां न मिलने, मेडिकल बिलों का भुगतान न होना, संयुक्त सलाहकार समिति का गठन न होना सहित अन्य मांगों को विशेष रूप से उठाया। सदस्यों ने कहा कि सरकार की तरफ से पेंशनरों को अनदेखा किया जा रहा है। जिससे कि उम्र के इस पड़ाव में वरिष्ठ हो चुके पेंशनरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक के दौरान 17 दिसंबर को जिला स्तर पर पेंशनर दिवस मनाने को लेकर भी सहमति बनी। इसके साथ ही संघ के त्रैवार्षिक चुनाव 28 फरवरी व जिला ऊना कार्यकारिणी का चुनाव 25 मार्च तक संपन्न करवाने का निर्णय लिया गया। बैठक में संघ के सचिव डीडी वशिष्ठ, महासचिव मेहर सिंह चंदेल, प्रेमलाल शर्मा, रामकुमार, रमेश जसवाल, उधम सिंह, लायक राम, मूलराज, सुभाष शर्मा, रजनीश कुमार, कमलदेव, किशन चंद, चंद्रशेखर, केसी सूद, दिलबाग सिंह, अजमेर सिंह, राकेश कुमार, डीसी चौधरी, रामस्वरूप, सतीश चंद्र, जोगिंद्र शर्मा व शिव कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।