हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री चिंतपूर्णी मंदिर में पहुंचकर मां चिंतपूर्णी के चरणों में माथा टेका और विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता रानी से प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की। राज्यपाल का मंदिर प्रशासन तथा मंदिर के पुजारियों की ओर से पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां चिंतपूर्णी का आशीर्वाद प्राप्त किया और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने इस अवसर पर देश के विकास, जनकल्याण और प्रगति के लिए भी प्रार्थना की। उन्होंने मंदिर में हवन भी डाला। इस मौके पर उपायुक्त ऊना जतिन लाल, एसडीएम अंब पारस अग्रवाल, मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर सहित प्रशासन एवं मंदिर न्यास के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। राज्यपाल के दौरे को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।