अखिल भारतीय वॉलीबॉल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री विरेंद्र कंवर ने कुटलैहड़ क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में कुटलैहड़ की जनता ने दो विधायक दिए, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में विकास कार्य लगभग शून्य रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को केवल आश्वासन मिले हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य लंबे समय से अधूरे पड़े हैं, लेकिन सरकार और स्थानीय नेतृत्व की ओर से इन्हें पूरा करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि बंगाणा स्कूल का साइंस भवन आज भी अधूरा पड़ा है, जब कि यह परियोजना काफी समय पहले शुरू की गई थी। इसके अलावा बंगाणा कॉलेज के खेल मैदान का कार्य भी अब तक पूरा नहीं हो पाया है, जिससे छात्रों और खिलाड़ियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि बंगाणा क्षेत्र की सीवरेज योजना भी लंबे समय से अधर में लटकी हुई है। इस योजना के पूरा न होने के कारण स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा करने के लिए कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। पूर्व मंत्री विरेंद्र कंवर ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार ने कुटलैहड़ क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक सरकारी कार्यालयों को बंद कर दिया था, लेकिन पिछले तीन वर्षों में इन कार्यालयों को फिर से खोलने को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई।