उपायुक्त जतिन लाल ने मंगलवार को लोक निर्माण, जल शक्ति, उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के जिला अध्यक्षों के साथ बैठक कर जिला ऊना में निर्माणाधीन प्रमुख विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला में 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर विकास कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों बनाए रखी जा सके। इस मौके पर सहायक आयुक्त वरिंद्रर शर्मा, लोकनिर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता देवानंद, सीएमओ ऊना डॉ. संजीव वर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।