उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत बेहड़ जसवां के अंतर्गत आने वाले गांव चक में इन दिनों मूलभूत सुविधाओं का अभाव ग्रामीणों की भारी परेशानी का कारण बना हुआ है। गांव का मुख्य रास्ता कीचड़ और गंदगी से दलदल में तब्दील हो चुका है। बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो गए हैं। कीचड़ और गंदगी से सना यह रास्ता ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। गांववासियों का कहना है कि मुख्य रास्ते की हालत पिछले पांच वर्षों से जस की तस बनी हुई है, लेकिन न तो पंचायत ने कोई कदम उठाया और न ही प्रशासन ने सुध ली। स्थिति यह है कि पंचायत प्रतिनिधि खुद भी इसी रास्ते से रोजाना गुजरते हैं, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।