उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत मुच्छाली के गांव नायली में शुक्रवार को विलेज हेल्थ सेनिटेशन एंड न्यूट्रिशन कमेटी (वीएचएसएनसी) की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें गर्मियों में होने वाली बीमारियों, विशेषकर तपेदिक, डायरिया, हैजा और टाइफाइड को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत उपप्रधान अजय शर्मा ने की। इस जागरुकता बैठक में स्वास्थ्य विभाग से अंजना देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजरानी, आशा वर्कर परवीन कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं। बैठक में उपप्रधान अजय शर्मा ने कहा कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन की कुंजी है। हम सबको मिलकर अपने घर, आंगन और पूरे गांव को साफ-सुथरा रखना चाहिए ताकि हम बीमारियों से दूर रहें। साथ ही युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर समाज को मजबूत बनाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।