हिमाचल प्रदेश भवन एवं श्रमिक कामगार मजदूर संघ ने 10 अगस्त को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में संघ की महत्वपूर्ण बैठक चायल से करीब पांच किलोमीटर दूर बाबा मोड़ में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान जोगिंदर धीमान और उपप्रधान प्रताप ठाकुर ने संयुक्त रूप से की। इसमें आगामी हड़ताल को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और जिलेभर में कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सोलन जिले के नालागढ़, अर्की और सोलन में बड़े स्तर पर प्रदर्शन और रैलियां आयोजित की जाएंगी। संघ का दावा है कि इन कार्यक्रमों में जिलेभर से बड़ी संख्या में श्रमिक भाग लेंगे। जिला प्रधान जोगिंदर धीमान ने कहा कि केंद्र सरकार की मजदूर, किसान और कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ देशभर के श्रमिक एकजुट होकर आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए यह आंदोलन महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी श्रमिकों से 10 अगस्त की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन मजदूरों की समस्याओं और मांगों को लेकर लगातार संघर्ष करता रहेगा।