सोलन शहर के प्रवेश द्वार चंबाघाट स्थित शिवाना हिल्स होटल के समीप बुधवार को एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क किनारे लगी रेलिंग में लटक गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार पिकअप पंचकूला से ईंटें लेकर चंबाघाट की ओर आ रही थी। जैसे ही चालक ने वार्ड की ओर जाने वाली सड़क पर वाहन मोड़ने का प्रयास किया, अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद पिकअप पलट गई और रेलिंग के सहारे लटक गई। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि वाहन रेलिंग में फंस गया, जिससे वह गहरी ढलान में गिरने से बच गया। हादसे में चालक समेत किसी भी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। बाद में वाहन को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।